सुकमा। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे आंध्रप्रदेश के मारेडमिल्ली घाट क्षेत्र में शुक्रवार तड़के भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। एक प्राइवेट ट्रेवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरे खाई में जा गिरी, जिससे 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए चिंतूर अस्पताल भेजा गया है।
अरुकु से चित्तूर जा रही थी बस
मिली जानकारी के अनुसार, बस अरुकु से रायलसीमा होते हुए चित्तूर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 4 बजे मारेडमिल्ली घाट में सड़क मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस खाई में पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया।
घटनास्थल पर अफरातफरी, मृतकों की पहचान जारी
राहत दल के अनुसार, बस में मौजूद कई यात्री वहीं फंसे रह गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। मृत यात्रियों की पहचान की प्रक्रिया फिलहाल जारी है। बताया जा रहा है कि कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने व्यक्त किया शोक
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की जान चली गई, जो बेहद दुखद है। सीएम ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार का निर्देश देते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने की बात कही है।
