रायपुर। प्रदेश में ठंड अब दस्तक दे चुकी है और तापमान लगातार नीचे जा रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को अंबिकापुर, पेंड्रारोड, कोरिया, बलरामपुर और सरगुजा के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। वहीं, राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में उत्तर-पूर्वी हवाओं का प्रवाह बढ़ा है, जिससे ठंडक तेजी से बढ़ रही है।
विभिन्न शहरों में तापमान
- रायपुर: अधिकतम 29.4°C, न्यूनतम 14.2°C
- माना एयरपोर्ट: अधिकतम 29.5°C, न्यूनतम 12.6°C
- बिलासपुर: अधिकतम 28.2°C, न्यूनतम 12.6°C
- पेंड्रारोड: अधिकतम 26.8°C, न्यूनतम 9°C
- अंबिकापुर: अधिकतम 26.2°C, न्यूनतम 7.6°C
- जगदलपुर: अधिकतम 30.7°C, न्यूनतम 16.4°C
- दुर्ग: अधिकतम 29.8°C, न्यूनतम 10.2°C
- राजनांदगांव: न्यूनतम 10°C
रायपुर का आज का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 14°C रहने का अनुमान है। सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस की जा सकेगी, जबकि दिन में मौसम सुहावना रहेगा।
मौसम विभाग की सलाह: बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को सुबह-शाम ठंडी हवाओं से बचाव करने की सलाह दी गई है। साथ ही किसानों को भी खेतों में पाला गिरने की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
