पखांजूर।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में धान खरीदी व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। पखांजूर एसडीएम ने धान खरीदी केंद्रों में नोडल अधिकारी के रूप में तैनात दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पर बिना मौके पर पहुंचे और बिना भौतिक सत्यापन किए धान टोकन का सत्यापन करने का गंभीर आरोप है।
घर बैठे हुआ टोकन वेरिफिकेशन
प्राप्त जानकारी के अनुसार चारगांव और उदनपुर धान खरीदी केंद्रों में नियुक्त नोडल अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का गंभीर उल्लंघन किया। आरोप है कि संबंधित पटवारियों ने खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किए बिना ही अन्य व्यक्तियों के माध्यम से टोकन सत्यापन करा दिया। इतना ही नहीं, समिति में रखे पुराने बोरों के स्टॉक की तस्वीरें अपलोड कर दी गईं, जो नियमों के विरुद्ध है।
निलंबित अधिकारी
- आशीष पवार – हल्का पटवारी (ह.नं. 03, चारगांव)
(चारगांव धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी) - आकाश कश्यप – हल्का पटवारी (ह.नं. 06, केसेकोड़ी)
(उदनपुर धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी)
ID साझा कर कराई गई एंट्री
एसडीएम पखांजूर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों पटवारियों ने अपनी लॉगिन आईडी अन्य व्यक्तियों को सौंप दी, जिसके माध्यम से बिना जांच के प्रविष्टियां कराई गईं। यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 और धान खरीदी नीति 2025-26 का गंभीर उल्लंघन माना गया है।
वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू
धान खरीदी कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक नियुक्तियां भी कर दी हैं—
- चारगांव खरीदी केंद्र का अतिरिक्त प्रभार पटवारी सतीश कुमार को सौंपा गया है।
- केसेकोड़ी का अतिरिक्त प्रभार पटवारी अशोक कुमार दीपक को दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान दोनों पटवारियों का मुख्यालय तहसील कार्यालय पखांजूर (कानून-गो शाखा) निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से धान खरीदी व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि अनियमितता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
