रायपुर। राजधानी रायपुर के एक सरकारी स्कूल से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। क्लासरूम के भीतर छात्रों द्वारा चाकू लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद न केवल छात्रों और अभिभावकों में दहशत है, बल्कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वायरल वीडियो मोवा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय स्कूल का बताया जा रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि तीन नाबालिग छात्र क्लासरूम के अंदर धारदार चाकू हाथ में लेकर मस्ती और दबदबा दिखाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य छात्र सहमे हुए और चुपचाप बैठे दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने लिया संज्ञान, तीनों छात्र पकड़े गए
वीडियो वायरल होने के बाद पंडरी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में दिख रहे तीनों नाबालिग छात्रों को पकड़ लिया। पुलिस द्वारा छात्रों को समझाइश दी गई है और मामले की आगे की जांच जारी है। तीनों आरोपी छात्र नाबालिग बताए जा रहे हैं, जिस कारण नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
स्कूल प्रबंधन पर उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
- छात्र स्कूल परिसर में धारदार हथियार लेकर कैसे पहुंचे?
- क्लासरूम में शिक्षक की निगरानी क्यों नहीं थी?
- घटना के समय जिम्मेदार स्टाफ कहां मौजूद था?
इन सवालों ने स्कूल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
सुरक्षा और अनुशासन पर चिंता
इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल प्रबंधन से भी जवाब तलब किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
