रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और अर्थव्यवस्था की दिशा तय करने वाला छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत रमेन डेका के अभिभाषण से हो रही है। इसके बाद वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी सदन के पटल पर आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 प्रस्तुत करेंगे।
कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सत्र की रूपरेखा तय
बजट सत्र के आगाज से पहले विधानसभा में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। समिति कक्ष में हुई इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी सहित कई वरिष्ठ मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
बैठक में सत्र की कार्यसूची, चर्चा की तिथियां और विधायी कार्यों को लेकर सहमति बनाई गई।
20 मार्च तक चलेगा बजट सत्र, 15 बैठकें प्रस्तावित
विधानसभा का यह बजट सत्र 20 मार्च तक चलेगा, जिसमें कुल 15 बैठकें निर्धारित की गई हैं। इस दौरान विधायकों द्वारा पूछे गए सवालों और प्रस्तावों की संख्या भी उल्लेखनीय है—
- कुल प्रश्न: 2813
- ध्यानाकर्षण सूचनाएं: 61
- नियम 139 के तहत सूचना: 1
- अशासकीय संकल्प: 13
- शून्यकाल सूचनाएं: 9
- याचिकाएं: 112
अहम तिथियां पहले से तय
बजट सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण पड़ाव तय किए गए हैं—
- 25 फरवरी: राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा
- 9 से 17 मार्च: विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा
- 17 मार्च: विनियोग विधेयक पर सदन में चर्चा
सत्र से सरकार-विपक्ष दोनों की रणनीति पर नजर
बजट सत्र के दौरान सरकार जहां अपनी नीतियों और विकास एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी, वहीं विपक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति अपनाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में सदन के भीतर तीखी बहस और अहम फैसलों की संभावना जताई जा रही है।
