रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पूरे टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों में शामिल इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन आखिरी क्वार्टर में स्ट्राइकर्स ने लगातार गोल दागकर जीत अपने नाम कर ली।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम और अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल भी इस मुकाबले को देखने स्टेडियम पहुंचे थे।
लीग की शीर्ष टीम को स्ट्राइकर्स ने दी मात
सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने चौथी क्वालीफायर टीम के रूप में प्रवेश किया था, जबकि न्यायधानी नाइट्स अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रही थी। लीग चरण में नाइट्स ने एक भी मुकाबला नहीं गंवाया था। उसने लीग मैच में स्ट्राइकर्स को भी 5-3 से हराया था। इसके बावजूद सेमीफाइनल में स्ट्राइकर्स ने पलटवार करते हुए फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में शाहरुख ने शानदार फ्लिक के जरिए गोल कर स्ट्राइकर्स का खाता खोला। हालांकि न्यायधानी नाइट्स के आदर्श ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। पहले 15 मिनट पूरे होने से ठीक पहले चिराग ने मिडफील्ड से मिली गेंद को गोल में पहुंचाकर नाइट्स को बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भी गोल करने का सिलसिला जारी रहा। आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए लीग में अपना 13वां गोल पूरा किया और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने। इसके बाद 24वें मिनट में अरबाज अली ने शानदार गोल कर मुकाबले को और रोमांचक बना दिया।
शाहरुख की हैट्रिक ने बदला मैच का रुख
तीसरे क्वार्टर में शाहरुख ने बेहतरीन व्यक्तिगत कौशल दिखाते हुए नाइट्स के डिफेंडरों को छकाया और फील्ड गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। कुछ ही देर बाद पेनल्टी कॉर्नर पर मिले रिबाउंड को गोल में बदलकर उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की। इस प्रदर्शन ने स्ट्राइकर्स को मुकाबले में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
आखिरी क्वार्टर में दागे दो और गोल
अंतिम क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया। आर्यन जेस ने सर्कल के अंदर मिले शानदार पास को गोल में बदलकर टीम का पांचवां गोल किया। इसके बाद ओम कुमार यादव ने निशांत तिर्की के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए छठा गोल दाग दिया।
इस तरह संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने 6-3 से मुकाबला जीतकर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
