Chhattisgarh

बालोद में भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत; CM साय ने जताया दुख, घायलों के इलाज के दिए निर्देश

बालोद में भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत; CM साय ने जताया दुख, घायलों के इलाज के दिए निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मरकाटोला घाट के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब सड़क किनारे खड़ी माजदा वाहन को धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल 7 लोगों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर और समुचित उपचार के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

CM साय ने जताया शोक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद सड़क हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी न हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मरकाटोला घाटी में कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, नेशनल हाईवे-30 पर धमतरी और कांकेर के बीच मरकाटोला घाटी में डीजे से बंधी स्वराज माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BU 7174 खड़ी थी। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक CG 04 QY 5947 ने माजदा को जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि माजदा वाहन में करीब 13 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ट्रक चालक भी घायल बताया गया है।

मौके पर 2 की मौत, इलाज के दौरान 4 ने दम तोड़ा

घटना के बाद घायलों को नजदीकी बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया। हादसे में मौके पर ही 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान 4 अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई।

वहीं, 7 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।

पलट गया ट्रक, नीचे दबे व्यक्ति को पुलिस ने निकाला

टक्कर के बाद कुछ दूरी पर जाकर धान से लदा ट्रक भी पलट गया। बताया जा रहा है कि ट्रक के नीचे एक व्यक्ति दब गया था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और शव को मर्चुरी भेजा।

हादसे के बाद ट्रक चालक के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में प्रभावित लोग कवर्धा और आसपास के अन्य इलाकों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *