Chhattisgarh

केशकाल घाट में बड़ा हादसा टला: ब्रेक फेल होने से पलटा ऑक्सीजन टैंकर, चालक की सूझबूझ से टली अनहोनी

केशकाल घाट में बड़ा हादसा टला: ब्रेक फेल होने से पलटा ऑक्सीजन टैंकर, चालक की सूझबूझ से टली अनहोनी

कोंडागांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित केशकाल घाट में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जगदलपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा ऑक्सीजन लेकर जा रहा एक टैंकर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव शुरू हो गया, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल आवश्यक कदम उठाए। दुर्घटना में चालक उदय ठाकुर को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

चालक की समझदारी ने बचाई कई जिंदगियां

चालक उदय ठाकुर ने बताया कि घाट में उतरते समय अचानक टैंकर के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। वाहन तेजी से अनियंत्रित होने लगा, जिसके बाद स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उन्होंने तत्काल टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया।

चालक के मुताबिक, सेफ्टी वाल्व खोलने से ऑक्सीजन नियंत्रित तरीके से बाहर निकलती रही और टैंक के भीतर दबाव नहीं बढ़ा। यदि ऐसा नहीं किया जाता तो टैंक में अत्यधिक दबाव बनने से बड़ा विस्फोट हो सकता था, जिससे जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका थी।

ऑक्सीजन रिसाव से मची अफरा-तफरी

टैंकर पलटने के बाद ऑक्सीजन का रिसाव शुरू होने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी और यातायात को भी नियंत्रित किया।

कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि स्थिति सामान्य होने के बाद आवागमन फिर से बहाल कर दिया गया।

ब्रेक फेल होना माना जा रहा हादसे का कारण

प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों और प्रशासन ने चालक उदय ठाकुर की सूझबूझ और तत्परता की सराहना की है। समय रहते लिए गए उनके फैसले ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया, जिससे कई लोगों की जान बच सकी।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *