Breaking News

डबल ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: लूट के लिए उतारा था मौत के घाट, दो हत्यारे और सराफा कारोबारी गिरफ्तार

डबल ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा: लूट के लिए उतारा था मौत के घाट, दो हत्यारे और सराफा कारोबारी गिरफ्तार

सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के सेंदुरस गांव में हुए सनसनीखेज पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती की हत्या लूट की नीयत से की गई थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि लूटे गए सोने के आभूषण खरीदने वाले एक सराफा व्यापारी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यही दोनों आरोपी वर्ष 2024 में मुक्ता गांव में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में भी शामिल थे।

बरामदे में सो रहे दंपती की बेरहमी से हत्या

पुलिस के मुताबिक 2 और 3 जून 2026 की दरमियानी रात सेंदुरस गांव निवासी पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहारिन बाई खुंटे घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने लोहे की रॉड से उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दोनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद घर से सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब मिले थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच में एएसपी पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैंकरा, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को लगाया गया।

तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीईआईआर पोर्टल की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी क्रम में पुलिस आरोपी देवकुमार यादव तक पहुंची, जिसके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी रूपचरण यादव के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।

दोनों आरोपी पंडरीपानी गांव के निवासी बताए गए हैं।

रंजिश और लूट की नीयत से की वारदात

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर मृतक से उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश और लूट की नीयत से उन्होंने रात में स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोला और घर में घुस गए। इसके बाद सो रहे दंपती पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी और घर में रखे सोने के आभूषण, नकदी तथा मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपी रूपचरण यादव के घर से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े और 74 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

आभूषण खरीदने वाला सराफा व्यापारी भी गिरफ्तार

जांच में पता चला कि आरोपियों ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर स्थित खिलेश्वर ज्वेलर्स के संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लूट के आभूषण बरामद कर लिए।

2024 के डबल मर्डर का भी खुला राज

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, पुराने विवाद के चलते दोनों आरोपियों ने दंपती के घर में घुसकर लकड़ी से हमला किया था और हत्या के बाद आभूषण लूटकर फरार हो गए थे।

लाखों का माल बरामद, टीम को मिलेगा पुरस्कार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 ग्राम सोने के आभूषण, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और अन्य सामान जब्त किया है। दोनों चर्चित डबल मर्डर मामलों का खुलासा होने के बाद बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने पूरी पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *