रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री Amit Shah ने अपने बस्तर दौरे के दौरान जगदलपुर स्थित Amar Vatika पहुंचकर नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai भी मौजूद रहे।
“जवानों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा”
अमित शाह ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में जवानों का योगदान और बलिदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।
गृहमंत्री ने दोहराया कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने और माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
शहीद परिवारों से की मुलाकात
इस दौरान अमित शाह ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया और सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
गृहमंत्री ने सुरक्षाबलों के जवानों से भी संवाद किया और उनके साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने भी जताया सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ लगातार कार्य कर रही है।
साय ने कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें सुरक्षाबलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री Vijay Sharma, वन मंत्री Kedar Kashyap, जगदलपुर विधायक Kiran Deo समेत कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
