रायपुर। राजधानी में शनिवार देर रात मोमिन पारा और बढ़ई पारा इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मामूली बाइक टक्कर से शुरू हुआ मामला कुछ ही देर में मारपीट, पथराव और हथियारों के इस्तेमाल तक पहुंच गया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पूरे क्षेत्र में भारी बल तैनात कर दिया है।
बाइक टक्कर से शुरू हुआ विवाद, लाठी-डंडों से हमला
सूत्रों के मुताबिक बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की बाइक टकराने पर रात करीब 10:30 बजे दोनों पक्षों के युवकों के बीच बहस शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर बड़े लोग भी शामिल हो गए और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई।
- दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले
- धारदार हथियार के इस्तेमाल के भी आरोप
- तीन युवकों के सिर में गंभीर चोट
- दोनों तरफ़ मिलाकर लगभग आधा दर्जन लोग घायल
थाने में देर रात तक भीड़, माहौल तनावपूर्ण
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में आजाद चौक थाने पहुंच गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त जवान बुलाए।
50 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात, FIR दर्ज
एसीपी आजाद चौक इशु अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।
दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
उन्होंने कहा—
“जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात है।”
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
