रायपुर। रायपुर विधानसभा में एक बार फिर छातिम वृक्ष का मुद्दा गूंजा। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक सुनील सोनी ने इस पेड़ को स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बताते हुए सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा।
सुनील सोनी ने पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी से पूछा कि क्या छातिम वृक्ष के संभावित दुष्प्रभावों को देखते हुए इसके रोपण पर कोई रोक लगाई गई है? साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि पहले से लगे पेड़ों को हटाकर कहीं और स्थानांतरित करने की कोई योजना है या नहीं।
इस पर मंत्री ओपी चौधरी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल छातिम वृक्ष के रोपण पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से न तो इन पेड़ों को हटाने और न ही स्थानांतरित करने को लेकर कोई प्रस्ताव या कार्ययोजना तैयार की गई है।
मंत्री के इस जवाब के बाद यह साफ हो गया कि सरकार फिलहाल इस मुद्दे पर किसी बड़े बदलाव के मूड में नहीं है, हालांकि स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को लेकर बहस लगातार जारी है।
