Chhattisgarh

अंधविश्वास ने ली जान: पूजा कक्ष में गला काटकर की आत्महत्या, परिवार में मातम

अंधविश्वास ने ली जान: पूजा कक्ष में गला काटकर की आत्महत्या, परिवार में मातम

बिलासपुर। बिलासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के प्रभाव में आकर एक व्यक्ति ने खुद का गला काटकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक और सदमे का माहौल है। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोंधरा का है।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय चंदन नट के रूप में हुई है, जो भीख मांगकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, वह लंबे समय से तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के प्रभाव में था। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि इसी कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पूजा कक्ष में खून से लथपथ मिला शव

मंगलवार शाम चंदन रोज की तरह घर लौटा और कुछ समय तक अपने बड़े भाई से बातचीत की। इसके बाद वह घर के पूजा कक्ष में चला गया।
शाम करीब 7 बजे उसकी बहू जब किसी काम से पूजा कक्ष में पहुंची, तो उसने चंदन को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह नजारा देखते ही उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले भी कर चुका था खुद को नुकसान

परिजनों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं था जब चंदन ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की हो। करीब चार महीने पहले भी उसने अपना हाथ काट लिया था। उस समय से ही उसके व्यवहार को लेकर परिवार चिंतित था।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आत्महत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और क्या इसमें किसी तरह का बाहरी प्रभाव भी शामिल है।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *