रायपुर। राजधानी Raipur में डॉग रेस्क्यू संस्था की आड़ में गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। 4 माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने किरण घनश्याम आहूजा सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला Bhatagaon Chowk स्थित Purani Basti Police Station क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता गुरप्रीत कौर गिल के पास कथित डॉग रेस्क्यू संस्था से जुड़ी किरण आहूजा अपने साथियों के साथ पहुंची थी। किसी बात को लेकर विवाद होने पर आरोपियों ने गर्भवती महिला के साथ बीच सड़क मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने पीड़िता का मोबाइल फोन और उसका पालतू कुत्ता भी छीन लिया तथा संस्था का नाम लेकर उसे धमकाने लगे।
शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR
घटना के बाद पीड़िता ने पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने किरण घनश्याम आहूजा और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
मुख्य आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार कुछ लोग संस्था का नाम लेकर आम लोगों से मारपीट और गाली–गलौज जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं और बाद में संस्था का हवाला देकर बचने की कोशिश करते हैं। फिलहाल मुख्य आरोपी किरण घनश्याम आहूजा फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
