रायपुर।
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की खाली हो रही सीट के लिए भाजपा की ओर से प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने गुरुवार को विधानसभा पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक उनके प्रस्तावक बने।
नामांकन दाखिल करने के लिए विधानसभा पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मी वर्मा का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अप्रैल में खत्म हो रहा दो सांसदों का कार्यकाल
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में फिलहाल पांच सदस्य प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें से सांसद फूलो देवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
वहीं अन्य सदस्यों में राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन का कार्यकाल 29 जून 2028 तक है। इसके अलावा भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक जारी रहेगा।
राज्यसभा की खाली हो रही सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है और आने वाले दिनों में चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
