दंतेवाड़ा।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बालूद स्थित ‘छू लो आसमान’ बॉयज हॉस्टल में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान रौशन तेलाम के रूप में हुई है, जो कुआकोंडा ब्लॉक के नेरली गांव का निवासी था। घटना आज तड़के करीब सुबह 3 बजे की बताई जा रही है। जब अन्य छात्र बाथरूम जाने के लिए उठे, तो उन्होंने रौशन को हॉस्टल की सीढ़ियों के ग्रिल से फंदे पर लटका देखा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी तुरंत हॉस्टल अधीक्षक को दी गई, जिसके बाद पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पारिवारिक स्थिति और जांच
बताया जा रहा है कि रौशन के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और एक बड़ा भाई हैं। छात्र द्वारा यह कदम क्यों उठाया गया, इसके पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
