नारायणपुर। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के एक बड़े डंप का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक, आधुनिक व इंप्रोवाइज्ड हथियारों के साथ-साथ मेडिकल और दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की गई है।
विश्वसनीय सूचना पर सुनियोजित कार्रवाई
नारायणपुर एसपी रॉबिंसन विकास गुड़िया ने बताया कि 25 फरवरी को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर ग्राम कुमुराडी क्षेत्र में एरिया डॉमिनेशन और एडीपी ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में सीओबी मंदोडा, ITBP की 53वीं बटालियन और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।
जंगल और पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों का एक छिपा हुआ ठिकाना मिला, जहां बड़ी मात्रा में सामग्री डंप कर रखी गई थी।
डंप से क्या-क्या मिला
सुरक्षाबलों ने मौके से—
- प्राइमा कॉर्ड, सेफ्टी व ऑरेंज फ्यूज
- करीब 35 किलो सुतली बम और 38 किलो उर्वरक पाउडर
- 18 किलो इम्प्रोवाइज्ड विस्फोटक, चारकोल
- इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट लॉन्चर और उसके सेल
- भारी और हल्के मोर्टार सेल
- बीजीएल लॉन्चर व बड़ी संख्या में बीजीएल कारतूस
- इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड
- नक्सलियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही मेडिकल सामग्री और दवाइयां
अभियान जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री नक्सलियों की किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर आगे की सर्चिंग और जांच कार्रवाई जारी है। सुरक्षाबलों की इस सफलता को नक्सल विरोधी अभियान में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।
