रायपुर।
राजिम में दो पक्षों के बीच हुई झड़प को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला सरकार के संज्ञान में है और पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री साय सोमवार को कोरबा और अंबिकापुर दौरे के लिए रवाना हुए। इस दौरान उन्होंने बताया कि दोनों जिलों में भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यालयों का भूमिपूजन किया जाएगा। दौरे से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कानून-व्यवस्था और अन्य अहम मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
महादेव सट्टा एप पर सरकार का जीरो टॉलरेंस
महादेव सट्टा एप मामले को लेकर मुख्यमंत्री साय ने दो टूक कहा कि इस प्रकरण में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई शासकीय कर्मचारी या अधिकारी भी संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी बिना भेदभाव के कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार की प्राथमिकता अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।
कांग्रेस के संगठनात्मक मामलों पर भाजपा की टिप्पणी से इनकार
कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर चल रही चर्चाओं पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक विषय है और उसकी जिम्मेदारी कांग्रेस नेतृत्व की है। भाजपा अन्य राजनीतिक दलों के अंदरूनी मामलों पर टिप्पणी नहीं करती।
भाजपा संगठन का काम एक सप्ताह में होगा पूरा
भाजपा संगठन की स्थिति को लेकर किरण देव सिंह ने बताया कि पार्टी की प्रदेश स्तरीय टीम का गठन पूरा हो चुका है, जबकि जिला स्तर पर भी संगठनात्मक ढांचा तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की रीति-नीति के अनुसार सभी कार्य तेजी से चल रहे हैं और एक सप्ताह के भीतर संगठन से जुड़े सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे।
