रायपुर।
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए हाई-प्रोफाइल सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.50 लाख रुपये नकद, 3 लग्जरी कारें और 10 महंगे मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्ती की कीमत करीब 92.50 लाख रुपये आंकी गई है।
चलती कारों में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा
पुलिस को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नागोराव गली अंडरब्रिज के पास कुछ लोग लग्जरी कारों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर टीम ने मौके पर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान 2 महिंद्रा थार और 1 नेक्सा XL-6 कार से भारी मात्रा में नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
वेबसाइट्स के जरिए मास्टर आईडी का नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी jmdbet777.com और Classic777.com जैसी ऑनलाइन वेबसाइट्स के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर सट्टा खिलाते थे। आरोपी रखब देव पाहुजा और पीयूष जैन कमीशन के बदले अन्य सटोरियों को आईडी उपलब्ध कराते थे। पुलिस को गिरोह के तार महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों से जुड़े होने के भी संकेत मिले हैं।
हवाला और फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल
पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला ने बताया कि जब्त की गई नकदी के संबंध में हवाला ट्रांजैक्शन और म्यूल बैंक अकाउंट (फर्जी खाते) के साक्ष्य मिले हैं। पूरे नेटवर्क की फाइनेंशियल जांच की जा रही है, ताकि सट्टे की काली कमाई की पूरी श्रृंखला को उजागर किया जा सके।
पहले भी जेल जा चुके हैं कई आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में से रखब देव पाहुजा, जितेंद्र उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल और सचिन जैन पहले भी जुआ अधिनियम के तहत जेल जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की सूची भी तैयार कर ली गई है और उन पर भी जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुल जब्ती का विवरण
- नकद राशि: ₹37,50,000
- लग्जरी वाहन: 2 महिंद्रा थार, 1 नेक्सा XL-6 (अनुमानित मूल्य ₹50 लाख)
- अन्य सामग्री: 10 स्मार्टफोन (लगभग ₹5 लाख)
गिरफ्तार आरोपी
- रखब देव पाहुजा (भिलाई) – मुख्य सप्लायर
- पीयूष जैन (रोहिणीपुरम, रायपुर) – मास्टर आईडी संचालन
- जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू (रायपुर)
- दीपक अग्रवाल (बिलासपुर)
- कमल रघवानी (गायत्री नगर, रायपुर)
- सचिन जैन (गुढ़ियारी, रायपुर)
