रायपुर।
छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान रहे सिरपुर में आयोजित होने जा रहे सिरपुर महोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री जिले के विकास को नई गति देते हुए करीब 200 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय कुल 199 करोड़ 28 लाख 59 हजार रुपये की लागत से तैयार 99 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 40 करोड़ 88 लाख 2 हजार रुपये की लागत के 64 कार्यों का लोकार्पण तथा 158 करोड़ 40 लाख 57 हजार रुपये की लागत के 35 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
इन विभागों के कार्यों का होगा लोकार्पण
लोकार्पण कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा पूर्ण किए गए विकास कार्य जनता को समर्पित किए जाएंगे। इनमें—
- ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के 98 लाख 80 हजार रुपये की लागत से 4 कार्य
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 6 करोड़ 64 लाख 20 हजार रुपये की लागत से 19 कार्य
- आदिवासी विकास विभाग का 1 करोड़ 52 लाख 97 हजार रुपये का 1 कार्य
- लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 17 करोड़ 95 लाख 86 हजार रुपये की लागत से 26 कार्य
- विद्युत विभाग के 13 करोड़ 76 लाख 19 हजार रुपये की लागत से 14 कार्य
शामिल हैं।
भूमिपूजन से शुरू होंगे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
भूमिपूजन के अंतर्गत जिले में अधोसंरचना विकास को मजबूती देने वाले कई महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत होगी। इनमें—
- लोक निर्माण विभाग द्वारा 141 करोड़ 19 लाख 19 हजार रुपये की लागत से 22 कार्य
- जल संसाधन विभाग के 10 करोड़ 32 लाख 72 हजार रुपये की लागत से 3 कार्य
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2 करोड़ 18 लाख 93 हजार रुपये की लागत से 8 कार्य
- परिवहन विभाग के 4 करोड़ 69 लाख 73 हजार रुपये की लागत से 2 कार्य
का भूमिपूजन किया जाएगा।
संस्कृति और विकास का संगम बनेगा सिरपुर महोत्सव
सिरपुर महोत्सव न केवल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच देगा, बल्कि मुख्यमंत्री की इस विकास सौगात से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं, ग्रामीण विकास और अधोसंरचना को नई दिशा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य पर्यटन, संस्कृति और विकास को एक साथ आगे बढ़ाना है।
