रायगढ़।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर की गई एक आपत्तिजनक टिप्पणी ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। कोसमनारा क्षेत्र में पिछले 28 वर्षों से तपस्या में लीन सत्यनारायण बाबा को लेकर की गई टिप्पणी से साहू समाज सहित बड़ी संख्या में भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें बाबा एक बच्चे के साथ खेलते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। बच्चे के पिता ने भी इस वीडियो को वायरल किए जाने को लेकर अलग से शिकायत दर्ज कराई है।
साहू समाज ने खोला मोर्चा, एसपी को सौंपा ज्ञापन
जिला साहू संघ रायगढ़ के अध्यक्ष डिग्री लाल साहू के नेतृत्व में समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित युवक ने बाबा सत्यनारायण के खिलाफ बेहद अपमानजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे समाज में आक्रोश फैल गया।
समाज ने कहा कि सत्यनारायण बाबा केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र हैं। उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाली हैं।
समाज की भावनाएं आहत, कड़ी कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी युवक ने बाबा पर ‘ढोंगी’ और ‘बलात्कारी’ जैसे गंभीर और निराधार आरोप लगाए, जो न सिर्फ मानहानि की श्रेणी में आते हैं बल्कि आईटी एक्ट और अन्य कानूनी धाराओं के तहत दंडनीय अपराध भी हैं। समाज ने सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपी हिरासत में
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की विस्तृत जांच जारी है और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि किसी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ या अपमानजनक टिप्पणी करने से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
