Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के तीन जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी-अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर कोर्ट खाली, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

छत्तीसगढ़ के तीन जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी-अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर कोर्ट खाली, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट


अंबिकापुर/राजनांदगांव/जगदलपुर।
छत्तीसगढ़ में न्यायिक परिसरों की सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया है। अंबिकापुर, राजनांदगांव और जगदलपुर के जिला एवं सत्र न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए मिली है। धमकी मिलते ही तीनों जगहों पर एहतियातन कोर्ट परिसर खाली करा दिए गए और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों जिला न्यायालयों के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सुबह के समय एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर में विस्फोट की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई।


🚨 राजनांदगांव कोर्ट को दूसरी बार मिली धमकी

राजनांदगांव जिला न्यायालय को यह दूसरी बार धमकी भरा ई-मेल मिला है। बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 10 बजे एक और मेल आने के बाद प्रशासन और ज्यादा सतर्क हो गया। जिला न्यायालय परिसर में BDS टीम और डॉग स्क्वायड द्वारा जगह-जगह जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी राजनांदगांव जिला न्यायालय को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इससे पहले बिलासपुर जिला न्यायालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिल चुका है।


👮‍♂️ जांच में जुटी पुलिस, अब तक कुछ संदिग्ध नहीं

एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से बम की सूचना दी गई थी। सुरक्षा के मद्देनज़र तत्काल बम निरोधक दस्ते को बुलाकर न्यायालय परिसर की जांच कराई गई, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है

उन्होंने कहा कि धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि मेल कहां से और किसने भेजा। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।


🔍 सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

तीनों जिलों में न्यायालय परिसरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आम लोगों और कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *