बारामती/मुंबई।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का बुधवार सुबह बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। अजित पवार 66 वर्ष के थे।
जानकारी के मुताबिक, अजित पवार मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। उन्हें वहां जिला परिषद चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था। सुबह करीब 8:45 बजे बारामती के पास उनका चार्टर्ड विमान क्रैश हो गया। हादसे के बाद विमान में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
मौके पर राहत-बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। मलबे से शवों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में विमान के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने और आग की लपटें उठती दिखाई दे रही हैं।
परिवार और नेताओं का बारामती रवाना होना
हादसे की खबर मिलते ही सुप्रिया सुले, सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार दिल्ली से बारामती के लिए रवाना हो गए हैं। तीनों नेता रवाना होने से पहले शरद पवार के आवास पर एक साथ मौजूद रहे, जहां आगे की यात्रा और कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई।
हादसे के कारणों की जांच
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना क्रैश लैंडिंग के कारण हुई या फिर किसी तकनीकी खराबी की वजह से। विमान हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। संबंधित एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं।
राजनीतिक हलकों में शोक
अजित पवार के निधन की खबर सामने आते ही महाराष्ट्र समेत पूरे देश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। एनसीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख देखा जा रहा है। क्रैश साइट के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए।
