Chhattisgarh

Raipur News: मेट्रो सिटीज की तर्ज पर रायपुर को मिलेगा 8 मंजिला टेक्नीकल टॉवर, निगम ने तय की निर्माण एजेंसी

Raipur News: मेट्रो सिटीज की तर्ज पर रायपुर को मिलेगा 8 मंजिला टेक्नीकल टॉवर, निगम ने तय की निर्माण एजेंसी

रायपुर। राजधानी रायपुर में आईटी और कारोबार को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। तेलीबांधा चौक के पास नगर निगम द्वारा 8 मंजिला अत्याधुनिक टेक्नीकल ट्रेड टॉवर का निर्माण किया जाएगा। यह टॉवर को-वर्किंग स्पेस और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए विकसित किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और नगर निगम को अतिरिक्त आय का स्रोत भी मिलेगा।

नगर निगम की योजना शाखा ने इस परियोजना के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण एजेंसी का चयन कर लिया है। शासन से दरों की स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।

40 करोड़ की लागत से बनेगा सर्वसुविधायुक्त टेक्नीकल टॉवर

नगर उत्थान योजना के तहत तेलीबांधा स्थित कृष्णकुंज के पास लगभग 2 एकड़ भूमि पर 40 करोड़ रुपये की लागत से इस टेक्नीकल टॉवर का निर्माण किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट हैदराबाद और मुंबई जैसी मेट्रो सिटीज के आधुनिक ट्रेड टॉवर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा।

टॉवर में को-वर्किंग स्पेस, मल्टीलेवल पार्किंग, क्लब हाउस और होटल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए मीटिंग और कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि युवा सीधे बड़े कॉर्पोरेट्स से जुड़ सकें।

एक ही कैंपस में सभी सुविधाएं

नगर निगम की योजना के अनुसार पूरा टेक्नीकल टॉवर परिसर सीसीटीवी निगरानी से लैस रहेगा। एक ही कैंपस में वर्कस्पेस, मीटिंग हॉल, पार्किंग और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होने से यह टॉवर राजधानी का प्रमुख कारोबारी केंद्र बनेगा।

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

महापौर मीनल चौबे ने बताया कि तेलीबांधा चौक के पास बनने वाले बहुमंजिला टेक्नीकल ट्रेड टॉवर के लिए एजेंसी तय कर ली गई है। जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निगम का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है, जिससे रायपुर के युवाओं को आधुनिक को-वर्किंग स्पेस और रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *