Chhattisgarh

बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय महोत्सव: राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी शुभारंभ, समापन में शामिल होंगे गृहमंत्री अमित शाह

बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय महोत्सव: राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी शुभारंभ, समापन में शामिल होंगे गृहमंत्री अमित शाह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और सांस्कृतिक महोत्सव बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय आयोजन में देश के शीर्ष नेता शामिल होंगे। 7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत करेंगी, जबकि 8 फरवरी को समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास को देखते हुए राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकास शील ने महानदी भवन में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए।

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से जमीनी तैयारियों की जानकारी ली। बैठक में जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, जीएडी सचिव अविनाश चंपावत, गृह सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, पीडब्ल्यूडी सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नक्सलवाद पर समीक्षा, फिर बस्तर रवाना होंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की रात रायपुर पहुंचेंगे। 8 फरवरी को वे राजधानी में नक्सलवाद पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल रहेंगे। नक्सल मोर्चे पर अब तक की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

समीक्षा बैठक के बाद अमित शाह बस्तर रवाना होंगे, जहां वे बस्तर पंडुम महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होकर आयोजन की भव्यता बढ़ाएंगे।

बस्तर पंडुम महोत्सव आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और लोककला का प्रतीक माना जाता है। राष्ट्रपति और गृहमंत्री की मौजूदगी से इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *