रायपुर। राजधानी रायपुर का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और सूदखोर रोहित तोमर शुक्रवार को पूछताछ के लिए पुरानी बस्ती थाना पहुंचा। रोहित तोमर लंबे समय से फरार चल रहा था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक मिलने के बाद वह पुलिस के सामने पेश हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रोहित तोमर के खिलाफ राजधानी के तेलीबांधा, पुरानी बस्ती सहित अलग-अलग थानों में 16 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चाकूबाजी, मारपीट, हत्या का प्रयास, धमकी, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। इन मामलों को लेकर पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन गिरफ्तारी में सफलता नहीं मिल पा रही थी।
इस बीच रोहित तोमर ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जहां से उसे गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिली। शीर्ष अदालत ने गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए रोहित तोमर को पुलिस जांच में पूरा सहयोग करने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के पालन में वह आज स्वयं थाने पहुंचा।
बताया जा रहा है कि पुरानी बस्ती थाना में पुलिस अधिकारियों ने उससे दर्ज मामलों, नेटवर्क और अन्य आरोपियों को लेकर पूछताछ की। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के चलते पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी।
उल्लेखनीय है कि रोहित तोमर का भाई रूबी उर्फ वीरेंद्र तोमर पहले ही कई मामलों में आरोपी है और उसे बीते वर्ष 8 नवंबर को ग्वालियर से गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों भाइयों पर राजधानी में अवैध सूदखोरी और आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने के गंभीर आरोप हैं।
फिलहाल पुलिस सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
