बलरामपुर / महुआडांड़।
छत्तीसगढ़ से झारखंड जा रही एक यात्री बस रविवार को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा घाटी में अनियंत्रित होकर बस पलट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के कम से कम पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 87 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के महाराजगंज गांव से यात्रियों को लेकर झारखंड सगाई समारोह में शामिल होने जा रही थी। ओरसा घाटी के संकरे, घुमावदार और ढलान वाले रास्ते पर पहुंचते ही बस चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों की चीखें दूर तक सुनाई देती रहीं।

ग्रामीण बने सबसे पहले मददगार
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी गई। महुआडांड़, गारू और नेतरहाट से एंबुलेंस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची।
अस्पतालों में भर्ती, कई रेफर
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महुआडांड़ अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है। प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों की लगातार निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक
इस हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में यात्रियों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित और बेहतर इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य समन्वय के साथ संचालित किया जा रहा है।
प्रशासन जुटा जांच में
महुआडांड़ एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि 80 से अधिक घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों की संख्या और हादसे के कारणों को लेकर जांच जारी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज ढलान और मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान और मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
