रायपुर। छत्तीसगढ़ में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में देश की सुरक्षा, अनुशासन और एकता का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। परेड में कुल 17 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), सशस्त्र सीमा बल (SSB) के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस की विशेष आमंत्रित टुकड़ी शामिल रही।
इसके अलावा परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरुष एवं महिला टुकड़ियां, छत्तीसगढ़ पुलिस (पुरुष), जेल पुलिस (पुरुष), नगर सेना (पुरुष एवं महिला), एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स ने भी शानदार मार्च पास्ट किया। इस वर्ष पुलिस डॉग स्क्वायड परेड का विशेष आकर्षण रहा।
समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न सामाजिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित भी किया। समारोह राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ, जहां पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
