रायपुर। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की उभरती प्रतिभाओं को सम्मानित करते हुए छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान 2026 प्रदान किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ युवाओं और एक सामाजिक संगठन को यह सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान समारोह खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित किया गया, जहां सामाजिक, साहित्यिक, शैक्षणिक, खेल, नवाचार, कला एवं संस्कृति सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं को मंच से सम्मानित किया गया।
CM साय का संदेश: इच्छाशक्ति और परिश्रम ही सफलता की कुंजी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती पर उन्हें स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 31 वर्ष की आयु में भारत की सांस्कृतिक शक्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर परिश्रम, समर्पण और संकल्प के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। उन्होंने कहा कि युवा रत्न सम्मान शासन और युवाओं के बीच विश्वास और प्रेरणा का सेतु है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले— छत्तीसगढ़ प्रतिभाओं से समृद्ध
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद आज भी करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। युवा रत्न सम्मान के लिए मिले आवेदनों से यह स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
उन्होंने बताया कि यह सम्मान 15 से 29 वर्ष की आयु के युवाओं द्वारा समाज और व्यक्तिगत क्षमता विकास में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मान्यता देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
पहली बार शुरू हुआ युवा रत्न सम्मान
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों से सर्वश्रेष्ठ युवाओं का चयन करना चुनौतीपूर्ण था। राज्य के युवाओं के कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन देने के लिए इस सम्मान की शुरुआत की गई है।
इन युवाओं को मिला छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान
- पीयूष जायसवाल (बेमेतरा) – एस्ट्रोफिजिक्स के सबसे कम उम्र के वैज्ञानिक एवं पीएचडी छात्र
- शिल्पा साहू (कांकेर) – सामाजिक सेवा
- अमित यादव (सरगुजा) – साहित्य
- मृणाल विदानी (महासमुंद) – नवाचार
- परिधि शर्मा (दुर्ग) – शिक्षा
- संजू देवी (बिलासपुर) – अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी (खेल)
- सचिन कुनहरे (कवर्धा) – कला एवं संस्कृति
- आरू साहू – लोककला
एक संगठन को भी मिला सम्मान
- युवा स्टार सेवा समिति, खुरतुली (धमतरी) –
स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, साक्षरता, महिला उत्थान, नशामुक्ति, मतदाता जागरूकता और जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित।
समारोह में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उप संचालक रश्मि ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
