Chhattisgarh

कोरबा में सनसनी: विवाद के बाद यूट्यूबर बेटी ने कि पिता की हत्या, हसिया से गला रेतने का आरोप

कोरबा में सनसनी: विवाद के बाद यूट्यूबर बेटी ने कि पिता की हत्या, हसिया से गला रेतने का आरोप

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में एक युवती ने कथित तौर पर अपने ही पिता की हत्या कर दी। आरोप है कि पारिवारिक विवाद के बाद बेटी ने पिता के गले पर हसिया से वार कर उनकी जान ले ली।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक कुमार केवट, पिता फिरत राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक कुमार लंबे समय से पत्नी और बेटियों से अलग रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी और तीनों बेटियां कोरबा शहर के आदिले चौक इलाके में रहती थीं। बेटियों में से दो निजी कंपनियों में कार्यरत हैं, वहीं एक बेटी पढ़ाई कर रही है।

सोमवार देर रात अशोक कुमार और उसकी बड़ी बेटी गीता केवट (27) के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोप है कि गुस्से में आकर बेटी ने घर में रखे हसिया से पिता पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा पत्नी और बेटी के चरित्र को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के चलते परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। पुलिस इसी विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।

मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *