अमेरिका की शीर्ष अदालत द्वारा टैरिफ से जुड़े फैसले को अवैध ठहराए जाने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका माना जा रहा था। इस फैसले के बाद अटकलें तेज हो गई थीं कि इसका असर भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर पड़ सकता है। हालांकि ट्रंप ने साफ कर दिया है कि भारत के साथ ट्रेड डील पहले की तरह जारी रहेगी और उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
“भारत के साथ हमारे संबंध बेहद मजबूत”
अमेरिकी व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ अमेरिका के रिश्ते बहुत अच्छे हैं और दोनों देशों के बीच व्यापार निर्बाध रूप से चल रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के साथ व्यापारिक संबंध स्थिर हैं और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इस पर कोई सीधा प्रभाव नहीं पड़ेगा।
ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध भी मजबूत हैं। उन्होंने कहा, “मैं कहूंगा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ मेरे रिश्ते बहुत अच्छे हैं।”
रूस-यूक्रेन युद्ध का भी किया जिक्र
राष्ट्रपति ट्रंप ने इस दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए दावा किया कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीद रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका इस युद्ध को खत्म करना चाहता है, जिसमें हर महीने हजारों लोगों की जान जा रही है।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने टैरिफ के दबाव के जरिए देशों के बीच तनाव कम करने की कोशिश की है। उनके मुताबिक, टैरिफ की चेतावनी के बाद ही संबंधित देशों ने बातचीत का रास्ता अपनाया।
“भारत टैरिफ देगा, अमेरिका नहीं”
जब ट्रंप से भारत के साथ ट्रेड डील के स्वरूप को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा,
“कुछ भी नहीं बदलेगा। भारत टैरिफ देगा और अमेरिका नहीं देगा। यही हमारी डील है। पहले की तुलना में यह अब एक संतुलित और सही समझौता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत पहले अमेरिकी बाजार का फायदा उठा रहा था, लेकिन अब दोनों देशों के बीच व्यापार अधिक संतुलित तरीके से किया जा रहा है।
पहले ही हो चुका है ट्रेड फ्रेमवर्क का ऐलान
गौरतलब है कि अमेरिका और भारत पहले ही एक ट्रेड डील फ्रेमवर्क की घोषणा कर चुके हैं। इसी के तहत भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को हटाया गया था और रेसिप्रोकल टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नया आदेश
इस बीच, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने एक नया कार्यकारी आदेश जारी किया है। इसके तहत दुनिया के सभी देशों से होने वाले आयात पर 10 प्रतिशत का समान टैरिफ लगाया गया है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर लिखा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
