नवोदय और प्रयास जैसे प्रतिष्ठित स्कूलों में प्रवेश का सुनहरा मौका
रायपुर, 04 अगस्त 2025।
छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों की मेधावी प्रतिभाओं को नई दिशा देने वाली पहल ‘सुपर 40’ लगातार सफलता की नई ऊंचाइयां छू रही है। यह संस्था ग्रामीण छात्रों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग देकर उन्हें नवोदय और प्रयास जैसे प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की राह आसान कर रही है।
हाल ही में महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक में आयोजित प्रवेश परीक्षा में 850 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर शिक्षा के प्रति अपना उत्साह और विश्वास दिखाया। इनमें से 450 छात्रों ने प्रयास विद्यालय के लिए और 400 छात्रों ने नवोदय विद्यालय के लिए परीक्षा दी। सत्र 2025-26 के लिए परीक्षा परिणाम के आधार पर 40-40 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित छात्रों की क्लास 15 अगस्त से शुरू होगी।
पिछले सत्र में इस संस्था ने 38 विद्यार्थियों को प्रयास विद्यालय और 2 विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय में एडमिशन दिलाया था। इस शानदार मॉडल से न केवल अभिभावकों की जागरूकता बढ़ रही है, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास भी मजबूत हो रहा है।
राज्यभर में बढ़ती भागीदारी
पीएम श्री सेजेस विद्यालय बागबाहरा में आयोजित एक अन्य प्रवेश परीक्षा में महासमुंद के अलावा आसपास के ब्लॉकों से भी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसमें कक्षा पाँचवीं और आठवीं के छात्रों की भागीदारी ने साबित कर दिया है कि यह मॉडल राज्य स्तरीय स्तर पर मजबूती से फैल रहा है।
प्रशासन और अधिकारियों ने की सराहना
अनुविभागीय अधिकारी ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण बच्चों को बेहतरीन शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल दें और मोबाइल जैसे व्यर्थ उपकरणों से दूर रखें।
‘सुपर 40’ मॉडल का लक्ष्य – शिक्षा की रोशनी हर कोने तक
संस्था के संयोजक हीरा सिंह नायक ने छात्रों को अनुशासन, नियमितता और मेहनत का महत्व बताया। उनका कहना है कि ‘सुपर 40’ आने वाले समय में राज्य के हर कोने में शिक्षा की रोशनी पहुंचाने का माध्यम बनेगा और यह पहल छत्तीसगढ़ की शैक्षणिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
