रायपुर। Raipur में देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जहां जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं Nava Raipur के तूता स्थित धरना स्थल पर डीएलएड अभ्यर्थियों का हौसला नहीं डिगा। खराब मौसम और तेज हवाओं के बावजूद अभ्यर्थी पूरी रात अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
तेज हवाओं और बारिश के चलते धरना स्थल पर लगा टेंट फट गया और अभ्यर्थियों का सामान भी बिखर गया। कई अभ्यर्थी भीग गए, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने धरना स्थल नहीं छोड़ा और संघर्ष जारी रखा। फिलहाल सैकड़ों अभ्यर्थी एक अस्थायी शेड के सहारे प्रदर्शन कर रहे हैं।
धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों के अनुसार वे पिछले करीब 85 दिनों से आमरण अनशन और धरना दे रहे हैं। बीती रात करीब साढ़े तीन बजे आए तेज तूफान में टेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सामान उड़ गया। इस आपदा में उन्हें करीब ढाई से तीन लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है, जिससे उनकी स्थिति और भी कठिन हो गई है।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा है कि जल्द से जल्द 2300 पदों पर नियुक्ति दी जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।
