रायपुर।
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत आज ड्राफ्ट वोटर लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की गई यह प्रारूप मतदाता सूची राज्य के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए जारी होगी। इसके साथ ही 2026 में प्रस्तावित चुनावों की तैयारी का एक अहम चरण पूरा हो जाएगा।
राजनीतिक दलों को भी सौंपी जाएगी ड्राफ्ट सूची
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को हार्ड कॉपी के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) की आधिकारिक वेबसाइटों पर भी अपलोड की जाएगी, ताकि आम मतदाता भी आसानी से अपना नाम जांच सकें।
ASD और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भी होगी सार्वजनिक
ड्राफ्ट सूची के साथ-साथ अनुपस्थित (Absent), स्थानांतरित (Shifted), मृत (Dead) और दोहरी प्रविष्टि (Duplicate) वाले मतदाताओं की अलग-अलग सूचियां भी जारी की जाएंगी। इन सूचियों को भी वेबसाइट पर सर्चेबल फॉर्मेट में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति न रहे।
23 दिसंबर से शुरू होगी दावा-आपत्ति प्रक्रिया
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इस दौरान यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, या किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है, या फिर नाम, पता, उम्र जैसी जानकारी में त्रुटि है, तो उसे सुधारने के लिए आवेदन किया जा सकेगा। सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) द्वारा नियमानुसार किया जाएगा।
चुनाव आयोग का दावा: कोई भी पात्र मतदाता नहीं छूटेगा
चुनाव आयोग का कहना है कि SIR प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर सर्वे किया है। साथ ही राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ बैठकों के माध्यम से असंग्रहणीय फॉर्म की सूची साझा की गई, ताकि अधिकतम योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल किया जा सके और डुप्लीकेट नाम हटाए जा सकें।
ऑनलाइन ऐसे चेक करें अपना नाम
मतदाता अपना नाम निम्न माध्यमों से जांच सकते हैं—
- NVSP पोर्टल: voters.eci.gov.in पर जाकर EPIC नंबर, व्यक्तिगत विवरण या मोबाइल नंबर से
- Voter Helpline / ECINET App: मोबाइल ऐप के जरिए
- CEO वेबसाइट: जिले या बूथवार PDF सूची देखकर
- BLO से संपर्क: अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से जानकारी लेकर
अंतिम मतदाता सूची 21 फरवरी को होगी जारी
दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद भारत निर्वाचन आयोग की स्वीकृति से 21 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
