रायपुर। छत्तीसगढ़ स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे विवाद पर राष्ट्रीय स्तर से स्थिति साफ कर दी गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन ने स्पष्ट कहा है कि प्रदेश में स्काउट्स एंड गाइड्स के पदेन अध्यक्ष स्कूल शिक्षा मंत्री होते हैं और वर्तमान में यह दायित्व गजेंद्र यादव के पास है।
बालोद में आयोजित राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के दौरान सामने आए इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. जैन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यह व्यवस्था नियमों के तहत तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में जब बृजमोहन अग्रवाल स्कूल शिक्षा मंत्री थे, तब वे पदेन अध्यक्ष थे, लेकिन वर्तमान में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव हैं, इसलिए वही स्काउट्स एंड गाइड्स के पदेन प्रदेश अध्यक्ष हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बृजमोहन अग्रवाल के निर्वाचन के दावे को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि किसी भी वैध चुनाव के लिए राष्ट्रीय इकाई की ओर से पर्यवेक्षक की नियुक्ति अनिवार्य होती है, जबकि इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्वाचन की बात नियमों के अनुरूप नहीं मानी जा सकती।
डॉ. अनिल जैन ने यह भी बताया कि इस विषय में उनकी चर्चा राज्यपाल और मुख्यमंत्री से हुई है। वहीं, मामले को लेकर बृजमोहन अग्रवाल के हाईकोर्ट जाने पर उन्होंने कहा कि न्यायालय जाना हर नागरिक का अधिकार है और सभी के लिए यह विकल्प खुला हुआ है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस बयान के बाद स्काउट्स एंड गाइड्स संगठन में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति काफी हद तक स्पष्ट मानी जा रही है। अब आगे की प्रक्रिया संगठन के नियमों और प्रशासनिक निर्णयों के अनुरूप तय होगी।
