रायपुर।
राजधानी रायपुर में अब ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर आईटीएमएस (Intelligent Traffic Management System) कैमरों के जरिए ही ई-चालान जारी किए जाएंगे। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को आईटीएमएस कंट्रोल रूम एवं कमांड सेंटर का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस द्वारा मैन्युअल चालान की जगह केवल इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से ई-चालान की प्रक्रिया अपनाई जाए।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इससे पुलिस पर वसूली के आरोपों से बचा जा सकेगा और व्यवस्था अधिक पारदर्शी होगी। उन्होंने खराब पड़े कैमरों को जल्द सुधारने के निर्देश भी दिए।
मोबाइल और व्हाट्सएप पर मिलेगी ई-चालान की सूचना
डॉ. शुक्ला ने निर्देश दिए कि ई-चालान कटते ही वाहन मालिक को मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से सूचना भेजना अनिवार्य किया जाए। इसके साथ ही यदि चालान की राशि तय समय में जमा नहीं की जाती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 90 दिन के भीतर जुर्माना राशि का भुगतान नहीं करने पर संबंधित मामला कोर्ट में अनिवार्य रूप से पेश किया जाएगा। कोर्ट में पेश करने से पहले वाहन मालिक को नोटिस भी जारी किया जाएगा।
ई-चालान नहीं भरा तो रुकेंगी परिवहन सेवाएं
पुलिस कमिश्नर ने परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित कर ई-चालान बकाया होने की स्थिति में कई सेवाएं रोकने के निर्देश दिए हैं। इनमें—
- ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण
- वाहन परमिट
- फिटनेस सर्टिफिकेट
- वाहन नामांतरण
- बीमा एवं प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र का अपडेट
शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ई-चालान की राशि जमा होने के बाद ही ये सेवाएं दोबारा शुरू की जाएंगी। इससे जुर्माना भुगतान की दर बढ़ेगी और लोग ट्रैफिक नियमों को गंभीरता से लेंगे।
नशे में वाहन चलाने और नो-एंट्री उल्लंघन पर सख्ती
डॉ. शुक्ला ने निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वालों की मौके पर एल्कोमीटर से जांच कर सीधे न्यायालय में चालान भेजा जाए। इसके साथ ही नो-एंट्री उल्लंघन के मामलों में भी चालान कोर्ट में पेश किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एसीपी ट्रैफिक गुरजीत सिंह, एसीपी सतीश ठाकुर, ट्रैफिक मुख्यालय प्रभारी टीकेलाल भोई सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
