रायपुर। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घड़ी चौक में गैस सिलेंडर लेकर विरोध जताया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 🔥🥘
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेत्रियों ने चूल्हे पर खाना बनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि गैस सिलेंडर की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि आम परिवारों, खासकर महिलाओं के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है और उन्हें फिर से पारंपरिक चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण लगातार महंगाई बढ़ रही है और आम जनता इसकी सीधी मार झेल रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में घरेलू गैस सिलेंडर पर 60 रुपये और व्यावसायिक सिलेंडर पर 110 रुपये की बढ़ोतरी से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
सांसदों के आवास घेरने की चेतावनी
जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि गैस सिलेंडर के दामों में बेतहाशा वृद्धि से आम लोग परेशान हैं और कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर लगाम नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सांसदों के आवास का घेराव भी किया जाएगा और यदि केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ आते हैं तो उनके सामने भी यह मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। कांग्रेस ने साफ कहा कि जब तक महंगाई के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
