Chhattisgarh

PCC अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा आरोप: छत्तीसगढ़ से गायों का रहस्यमयी गायब होना, भूख से 40 की मौत

PCC अध्यक्ष दीपक बैज का बड़ा आरोप: छत्तीसगढ़ से गायों का रहस्यमयी गायब होना, भूख से 40 की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गायों की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक लड़ाई तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो सालों में राज्य से लगभग 5 लाख गायें गायब हो गई हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में कई गावों में भूख और उपेक्षा के कारण लगभग 40 गायों की मौत हुई।

गायों की तस्करी और राजनीतिक संरक्षण पर सवाल

बैज ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में गायों की तस्करी बढ़ रही है और इसके पीछे भाजपा के कुछ लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि गौ रक्षक संगठनों की भूमिका कहां है और क्यों गौ तस्करी नहीं रुक रही। उन्होंने कहा –
“इन्हें किसका संरक्षण है? इसका जिम्मेदार कौन है? क्या भाजपा सिर्फ गौ माता के नाम पर राजनीति करना चाहती है?”

बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बंद की गई 10 हजार गौठानों को पुनः चालू किया जाए ताकि गायों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

भूख और उपेक्षा से गायों की मौत

PCC अध्यक्ष ने बताया कि समोदा गांव में गायों की मौत की जांच के लिए कांग्रेस ने विशेष कमेटी बनाई है। उन्होंने कहा कि बीते तीन दिनों में समोदा के अलावा खरोरा और गुल्लू गांव में भी गायों की भूख और उपेक्षा के कारण जान गंवाने की खबरें आई हैं। उनके खाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया था और मृत गायों को खुले स्थानों पर फेंक दिया गया।

भाजपा पर आरोप – राजनीति के लिए गौ माता का नाम

बैज ने कहा कि भाजपा और उनके कार्यकर्ता गौ माता के नाम पर केवल राजनीतिक रोटी सेंकते हैं। उन्होंने दावा किया कि पौने दो साल में भाजपा सरकार के दौरान ढाई हजार से अधिक गायें भूख, एक्सीडेंट और जहरीली चीजों के सेवन से मर चुकी हैं।

प्रदेशभर में कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

गायों की सुरक्षा और तस्करी पर बैज ने बड़ा प्रदर्शन करने की भी घोषणा की है। उनका कहना है कि भाजपा को गौ संरक्षण और तस्करी के मुद्दे पर जवाब देना होगा।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *