कांकेर। नेशनल हाईवे-30 एक बार फिर भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे तेज रफ्तार में आ रहे दो ट्रकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा चारामा थाना क्षेत्र के ग्राम रतेसरा के पास हुआ।

टक्कर इतनी जोरदार कि ट्रक बने लोहे का ढेर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। भिड़ंत के बाद दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया। हादसे में तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
दुर्घटना के बाद NH-30 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और चारामा पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी और भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का काम किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
पहले भी हो चुकी है जानलेवा घटना
गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक युवक की कार की चपेट में आने से मौत हो चुकी थी। बार-बार हो रहे हादसों ने इस इलाके की सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतकों की पहचान जारी
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
लगातार हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे इस ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग कर रहे हैं।
