जांजगीर-चांपा।
शिवरीनारायण मेले में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेले में लगा आकाश झूला अचानक टूट गया। झूले के टूटते ही उस पर सवार 6 लोग नीचे गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे में 2 युवतियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि 3 अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, झूले से गिरने के कारण दो युवतियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, एक महिला समेत अन्य घायल लोगों को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद मेला परिसर में मौजूद लोगों ने प्रशासन को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियां मलदा गांव की रहने वाली हैं, जो शिवरीनारायण मेला घूमने आई थीं। उनकी पहचान चंद्रकांता कश्यप और भूमिका कश्यप के रूप में हुई है।
इस हादसे के बाद मेले में लगे झूलों की सुरक्षा व्यवस्था और फिटनेस को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
