National

Magh Mela 2026: बसंत पंचमी पर संगम में उमड़ा आस्था का महासैलाब, चौथा पवित्र स्नान पर्व जारी, एक करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान का अनुमान

Magh Mela 2026: बसंत पंचमी पर संगम में उमड़ा आस्था का महासैलाब, चौथा पवित्र स्नान पर्व जारी, एक करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान का अनुमान

प्रयागराज।
माघ मेला 2026 के तहत बसंत पंचमी के पावन अवसर पर चौथा पवित्र स्नान पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ जारी है। प्रयागराज स्थित त्रिवेणी संगम के सभी घाटों पर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के कोने-कोने के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं।

मेला प्रशासन के अनुसार, बसंत पंचमी स्नान पर्व को लेकर व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई हैं। संगम क्षेत्र में करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे स्नान घाट तैयार किए गए हैं। अनुमान है कि आज करीब 1 करोड़ श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।


सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी के अवसर पर संगम स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि नवप्रभात, नवसृजन और नवचेतना के पर्व बसंत पंचमी की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई।
सीएम योगी ने मां शारदा से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे सभी के जीवन में प्रकाश, प्रज्ञा और पवित्र प्रेरणा का संचार करें। साथ ही उन्होंने संगम में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने वाले श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना की।


पौष पूर्णिमा से शुरू हुआ था माघ मेला

गौरतलब है कि प्रयागराज में माघ मेला की शुरुआत 3 जनवरी को पौष पूर्णिमा स्नान के साथ हुई थी। कल्पवास अवधि के दौरान श्रद्धालु नियमित रूप से संगम में स्नान कर माघ मेले का धार्मिक अनुष्ठान निभा रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं तक—हर वर्ग के लोग तड़के सुबह संगम पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।


5 लाख से अधिक कल्पवासी कर रहे कल्पवास

त्रिवेणी संगम आरती सेवा समिति के अध्यक्ष ने बताया कि माघ मेले में इस वर्ष 5 लाख से अधिक कल्पवासी कल्पवास कर रहे हैं। कल्पवास के दौरान श्रद्धालु प्रतिदिन दो बार गंगा स्नान करते हैं, एक समय भोजन ग्रहण करते हैं और शेष समय अपने आराध्य देव की पूजा, ध्यान और साधना में बिताते हैं।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *