Chhattisgarh

टी20 मैच से पहले भारतीय क्रिकेटरों का नेचर ब्रेक, बार नवापारा अभयारण्य में लिया जंगल सफारी का आनंद

टी20 मैच से पहले भारतीय क्रिकेटरों का नेचर ब्रेक, बार नवापारा अभयारण्य में लिया जंगल सफारी का आनंद

रायपुर।
न्यूजीलैंड के खिलाफ रायपुर में खेले जाने वाले अहम टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक विरासत को नजदीक से देखा। टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण कर जंगल सफारी का रोमांचक अनुभव लिया।

इस विशेष भ्रमण की तस्वीरें वन मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में खिलाड़ी जंगल की हरियाली और वन्य जीवन का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।


कप्तान सूर्यकुमार यादव समेत कई खिलाड़ी रहे शामिल

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ टीम के प्रमुख खिलाड़ी संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव ने अभयारण्य का दौरा किया। खिलाड़ियों ने यहां वन्य जीवों को करीब से देखा और अभयारण्य की जैव-विविधता की सराहना की।


प्राकृतिक सौंदर्य और जैव-विविधता ने किया मंत्रमुग्ध

जंगल भ्रमण के दौरान खिलाड़ियों ने बार नवापारा अभयारण्य की शांत व मनमोहक प्राकृतिक छटा का अनुभव किया। घने जंगल, खुले घास के मैदान और विविध वन्य प्रजातियों ने खिलाड़ियों को खासा प्रभावित किया।


245 वर्ग किलोमीटर में फैला है बार नवापारा अभयारण्य

गौरतलब है कि रायपुर से लगभग 100–106 किलोमीटर दूर, महासमुंद जिले में स्थित बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य करीब 245 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैला हुआ है। यहां तेंदुआ, भालू, उड़ने वाली गिलहरी, सियार, चार सींग वाला मृग, चिंकारा, काला हिरण और बायसन जैसे वन्य जीव पाए जाते हैं।

इसके अलावा यह अभयारण्य पक्षी प्रेमियों के लिए भी खास है, जहां बुलबुल, तोते, गिद्ध, मोर, कठफोड़वा, किंगफिशर, बगुला और ड्रोंगो जैसी कई प्रजातियां देखने को मिलती हैं।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *