रायपुर।
नववर्ष के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए रायपुर पुलिस ने कमर कस ली है। इसे लेकर सिविल लाइन स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह की मौजूदगी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में नए साल के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। IG और SSP ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी तरह की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
होटल, क्लब और निजी पार्टियों पर रहेगी कड़ी नजर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नववर्ष पर होटल, क्लब, फार्म हाउस और निजी आयोजनों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए स्थानीय थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की विशेष टीमें तैनात की जाएंगी। देर रात होने वाले आयोजनों, शराब सेवन, हुड़दंग और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।
लंबित अपराधों पर सख्ती, लापरवाह अधिकारियों को फटकार
क्राइम मीटिंग के दौरान IG और SSP ने जिन थानों में गंभीर अपराध लंबित पाए गए, वहां के थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पेंडिंग मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि नववर्ष का उत्सव आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात करने और किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नया साल सुरक्षित और खुशहाल माहौल में मनाया जा सके।
