Chhattisgarh

मैगी बनाने को लेकर बवाल: शराबी पति ने पत्नी को लोहे की पाइप से पीटा, मामला दर्ज

मैगी बनाने को लेकर बवाल: शराबी पति ने पत्नी को लोहे की पाइप से पीटा, मामला दर्ज

बिलासपुर। मैगी बनाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने घरेलू हिंसा का गंभीर रूप ले लिया। शराब के नशे में धुत पति ने पत्नी की लोहे की पाइप से बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट से आहत महिला की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता काजल तिवारी (26), निवासी रामसागरपारा, कोरबा ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में उसने बताया कि उसका विवाह 5 फरवरी 2022 को सामाजिक रीति-रिवाज से अंकित तिवारी, निवासी अशोक नगर पार्क लाइफ कॉलोनी, सरकंडा (बिलासपुर) से हुआ था।

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति का व्यवहार बदल गया। वह आए दिन शराब पीकर घर आता और छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा, गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। पीड़िता के अनुसार, 23 जनवरी 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी पति शराब के नशे में घर पहुंचा और देर रात मैगी बनाने को लेकर विवाद करने लगा।

विवाद के दौरान आरोपी ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर हाथ-मुक्कों, लातों के साथ-साथ लोहे के पर्दे की पाइप से बेरहमी से पिटाई की। गंभीर मारपीट के बाद पीड़िता ने मोबाइल फोन से अपने माता-पिता को पूरी घटना की जानकारी दी।

अगले दिन 24 जनवरी 2026 को महिला के पिता मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ कोरबा ले गए, जहां पीड़िता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कोरबा थाना कोतवाली में जीरो में अपराध दर्ज कर विवेचना के लिए केस डायरी बिलासपुर के सरकंडा थाने भेज दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा है और आगे की कार्रवाई संबंधित थाने द्वारा की जाएगी।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *