Chhattisgarh

बिलासपुर में GST की बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारियों के 10 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी, अभिनेत्री अंकिता लोखंडे का ससुराल भी रडार पर

बिलासपुर में GST की बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारियों के 10 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी, अभिनेत्री अंकिता लोखंडे का ससुराल भी रडार पर

बिलासपुर/रायपुर।
छत्तीसगढ़ में स्टेट जीएसटी विभाग ने शुक्रवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला कारोबार से जुड़े तीन प्रमुख व्यापारिक समूहों के 10 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में बॉलीवुड अभिनेत्री अंकिता लोखंडे के ससुराल से जुड़ा एक प्रतिष्ठान भी जांच के दायरे में आया है, जिससे मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है।

सूत्रों के अनुसार, जीएसटी विभाग की टीम को कोयला कारोबार में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर बिलासपुर समेत अन्य जिलों में एक साथ रेड की गई। जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई चल रही है, उनमें महावीर वॉशरी, फिल कोल (Bilaspur) और पारस कोल वॉशरी शामिल हैं।

करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका

जीएसटी अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के गलत इस्तेमाल, फर्जी बिलिंग और कारोबार के वास्तविक टर्नओवर को छिपाने के संकेत मिले हैं। दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहन जांच की जा रही है। विभाग को इस कार्रवाई से करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी उजागर होने की उम्मीद है।

देर रात तक चली कार्रवाई

बताया जा रहा है कि जीएसटी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ संबंधित कार्यालयों, फैक्ट्रियों और आवासीय परिसरों में दबिश दी। कार्रवाई देर रात तक जारी रही और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक डेटा जब्त किए गए हैं।

अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं

फिलहाल जीएसटी विभाग की ओर से आधिकारिक रूप से टैक्स चोरी की राशि या किसी की गिरफ्तारी को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कोयला कारोबार पर फिर सवाल

इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर छत्तीसगढ़ के कोयला कारोबार में टैक्स अनुपालन और पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *