Chhattisgarh

बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में नक्सली कमांडर उधम सिंह ढेर

बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, मुठभेड़ में नक्सली कमांडर उधम सिंह ढेर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कामयाबी मिली है। पेद्दागेलूर के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर उधम सिंह के मारे जाने की पुष्टि हुई है। इलाके में फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पेद्दागेलूर जंगल क्षेत्र में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की।

मुठभेड़ स्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 राइफल और एक नक्सली का शव बरामद किया गया है, जिसकी पहचान नक्सली कमांडर उधम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उधम सिंह संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था और कई बड़ी नक्सली वारदातों में शामिल रहा है।

बीजापुर एसपी डॉ. जितेन्द्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में सुरक्षाबलों का सघन सर्च ऑपरेशन चल रहा है। आसपास के जंगलों को घेरकर अन्य नक्सलियों की तलाश की जा रही है। ऑपरेशन के पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। लगातार चल रहे अभियानों से नक्सलियों पर दबाव बढ़ा है और आत्मसमर्पण व मुठभेड़ों की घटनाओं में तेजी देखी जा रही है।


About Author

Editor Jamhoora

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *