रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की महिला अधिकारी डीएसपी कल्पना वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन के बीच चल रहे विवाद को लेकर पुलिस जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। शासन के निर्देश पर कराई गई उच्चस्तरीय जांच पूरी कर ली गई है और करीब 1475 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है। यह रिपोर्ट जल्द ही शासन को सौंपे जाने की तैयारी में है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट में पुलिस विभाग से संबंधित कुछ संवेदनशील जानकारियों के साझा होने का भी उल्लेख बताया जा रहा है, जिसे गंभीरता से देखा जा रहा है।
खुफिया सूचनाओं के लीक होने का संदेह
जांच में सामने आया है कि बातचीत के दौरान पुलिस से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा की गई, जिसमें माओवाद प्रभावित इलाकों से संबंधित इनपुट भी शामिल होने की बात कही जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह पुष्टि होती है, तो मामला और अधिक गंभीर हो सकता है।
कारोबारी ने लगाए करोड़ों की वसूली के आरोप
कारोबारी दीपक टंडन ने महिला डीएसपी पर वर्ष 2021 से लव ट्रैप के जरिए करीब 2.5 करोड़ रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। आरोपों में नकद राशि के अलावा लग्जरी कार, डायमंड रिंग, सोने के आभूषण और महंगे उपहार शामिल बताए गए हैं। टंडन का यह भी दावा है कि डीएसपी के भाई के नाम पर होटल व्यवसाय शुरू कराने के नाम पर भी उससे मोटी रकम ली गई।
डीएसपी ने आरोपों को बताया साजिश
वहीं डीएसपी कल्पना वर्मा ने सभी आरोपों को झूठा और साजिश करार देते हुए कहा है कि उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से यह पूरा मामला खड़ा किया गया है। उन्होंने जांच में सहयोग करने की बात भी कही है।
कल कोर्ट में होगी पेशी
पुलिस जांच पूरी होने के बाद अब दोनों पक्षों की कोर्ट में पेशी होनी है। इसके बाद शासन जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लेगा।
