रायपुर। राजधानी रायपुर में खुले नालों और बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने एक्सप्रेस हाईवे पर धरना-प्रदर्शन कर अव्यवस्थित सड़क व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। शंकर नगर से पंडरी के बीच स्थित अरमान नाले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने गंभीर आपत्ति जताई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर में खुले नालों की वजह से लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन PWD और नगर निगम आंख मूंदे बैठे हैं। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने किया। इस मौके पर पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, कांग्रेस नेता पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि राजधानी की सड़कों, चौक-चौराहों और गड्ढों की हालत बद से बदतर हो चुकी है। सरकार और जनप्रतिनिधि जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन स्थानों पर गड्ढे और खुले नाले हैं, वहां संबंधित विधायक का नाम अंकित किया जाएगा, ताकि जनता को जिम्मेदारों का पता चल सके।
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि अगर जल्द ही खुले नालों को ढकने और सड़कों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि राजधानी में बुनियादी सुविधाओं को लेकर तत्काल ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों की जान जोखिम में न पड़े।
