रायपुर। महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया और प्रशासनिक अनुशासन—तीनों का जीवंत उदाहरण शुक्रवार को रायपुर और नवा रायपुर क्षेत्र में देखने को मिला, जब कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह आरंग और मंदिरहसौद दौरे पर एक्शन मोड में नजर आए।
पिंक ई-रिक्शा में सफर, महिला आत्मनिर्भरता को सराहना
आरंग ब्लॉक भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने मार्ग में संचालित पिंक ई-रिक्शा को रुकवाकर उसमें यात्रा की। ग्राम रीको से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होते हुए ग्राम परसदा तक लगभग 12 किलोमीटर की दूरी उन्होंने इसी ई-रिक्शा से तय की।
इस दौरान ई-रिक्शा चालक, कोटरभाठा (आरंग) निवासी सीतू कोसले से बातचीत कर उनकी आय और कार्य अनुभव की जानकारी ली। सीतू ने बताया कि पिंक ई-रिक्शा संचालन से उन्हें हर महीने 20 हजार रुपये से अधिक की आमदनी हो रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकी हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी निभा रही हैं।
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, यूपीआई से दिया किराया
परसदा पहुंचने पर कलेक्टर और सीईओ ने ई-रिक्शा का किराया यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान किया। कलेक्टर ने महिला चालक का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसी महिलाएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सरकार की योजनाओं की सफलता का प्रमाण हैं।
40 महिलाओं को मिले पिंक ई-रिक्शा
विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में ‘बिहान’ योजना और एनआरडीए के तहत अभनपुर व आरंग ब्लॉक की 40 महिलाओं को 40 पिंक ई-रिक्शा निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। इन ई-रिक्शाओं को ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म रेपिडो से जोड़ा गया है, जिससे हरित परिवहन, डिजिटल कनेक्टिविटी और महिला रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है।
मंदिरहसौद में सख्त प्रशासनिक कार्रवाई
मंदिरहसौद दौरे के दौरान कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला के सामने तंबाकू उत्पादों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित पान ठेले को तत्काल सील करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्कूल परिसरों के आसपास प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
अतिक्रमण पर जुर्माना, अमृत मिशन कार्यों का निरीक्षण
सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात बाधित किए जाने के मामलों में मौके पर ही जब्ती और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अमृत मिशन योजना के अंतर्गत निर्मित पानी टंकी का निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के पालन पर जोर दिया गया।
आंगनबाड़ी में लापरवाही पर नोटिस
आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-06, मंदिरहसौद के औचक निरीक्षण में साफ-सफाई में लापरवाही और कार्यकर्ता की अनुपस्थिति सामने आने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। दोनों को दो दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अभिलाषा पैंकरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
