रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सरगुजा जिले को 523 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री साय ने मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रुपये तथा सीतापुर में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि मैनपाट महोत्सव सरगुजा की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को देश-दुनिया तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इस आयोजन से स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।
विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूलमंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख से अधिक माताओं-बहनों को हर माह 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है, जिसके तहत अब तक 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में पहुंच चुकी है।
मुख्यमंत्री साय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाली का उल्लेख करते हुए सुरक्षा बलों के साहस और पराक्रम को नमन किया।
तिब्बती संस्कृति से हुआ आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम के दौरान तिब्बती समुदाय द्वारा पारंपरिक “ताशी शोपा” नृत्य के माध्यम से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्री वितरित की। स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और आकर्षक बना दिया।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगी नई गति
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन का निरंतर विस्तार हो रहा है। मैनपाट जैसे प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
विधायक राम कुमार टोप्पो ने इसे संस्कृति और प्रकृति के उत्सव का प्रतीक बताया, वहीं विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि 500 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।
109 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
मैनपाट महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 523 करोड़ 20 लाख 53 हजार रुपये की लागत के 109 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें
- 429 करोड़ 11 लाख 40 हजार रुपये के 81 कार्यों का भूमिपूजन
- 94 करोड़ 09 लाख 13 हजार रुपये के 28 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं से सरगुजा जिले के विकास, पर्यटन और आधारभूत संरचना को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
